सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को नेपाल से फ्रांस भेजा गया, 19 साल बाद जेल से निकला बाहर

काठमांडू : सीरियल किलर चार्ल्स शोभराज को नेपाल की जेल से 19 साल बाद रिहा करने के बाद फ्रांस रवाना कर दिया गया।

काठमांडू सेंट्रल जेल से कुख्यात चार्ल्स शोभराज को सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को रिहा करने का आदेश दिया था। एक अमेरिकी महिला की हत्या के मामले में वह 19 साल से जेल में बंद था। उसे इस मामले में उम्रकैद की सजा मिली थी। फ्रांसीसी नागरिक शोभराज भारतीय एवं वियतनामी माता-पिता की संतान है। नेपाल के इमिग्रेशन विभाग और फ्रांसीसी दूतावास ने शोभराज के यात्रा दस्तावेज तैयार किए। काठमांडू से शोभराज कतर एयरवेज से दोहा गया है और वहां से वह पेरिस रवाना होगा।

शोभराज के वकीलों में से एक सुदेश सुबेदी ने कहा कि पेरिस में शोभराज की माँ और बेटी प्रतीक्षा कर रहे हैं। गृह मंत्रालय के प्रवक्ता एवं संयुक्त सचिव फनिद्र मणि पोखरेल ने कहा कि शोभराज का अगले 10 वर्ष तक नेपाल में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। धोखा देने और लूटने में की हरकतों के कारण शोभराज को थाइलैंड में ‘बिकिनी किलर’ और ‘धोखेबाज’ के उपनाम से जाना जाता है।

अमेरिकी महिला कोन्निए जो ब्रोंजिच की वर्ष 1975 में हुई हत्या के मामले में शोभराज को वर्ष 2003 में काठमांडू में एक कैसिनो से गिरफ्तार किया गया था। उस समय से वह इस मामले में उम्रकैद की सजा काट रहा था।

वर्ष 2014 में उसे एक कनाडाई की हत्या मामले में भी उम्रकैद की सजा सुनाई गई थी। नेपाल में उम्रकैद की सजा का अर्थ 20 वर्ष की जेल है। पुलिस से बचने में माहिर शोभराज पर संदेह है कि उसने वर्ष 1970 और वर्ष 1980 के दौरान एशिया के विभिन्न हिस्सों में 20 से ज्यादा पश्चिमी नागरिकों की हत्या की थी जिसे शिकार बनाता था उसके साथ दोस्ती कर उसकी खाने-पीने की चीजों में ड्रग्स मिला देता था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

17 − 15 =