इंडियन म्यूजियम में महिला कर्मचारी का यौन उत्पीड़न, प्राथमिकी दर्ज

कोलकाता : कोलकाता स्थित विश्व प्रसिद्ध इंडियन म्यूजियम (जादू घर) में एक महिला कर्मी के यौन उत्पीड़न का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने न्यू मार्केट थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है।

गुरुवार को पुलिस ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया है कि पीड़ित महिला ने अपने साथ काम करने वाले पुरुष सहकर्मी पर लगातार यौन उत्पीड़न की कोशिश का आरोप लगाया है। दावा है कि महिला ने उच्चाधिकारियों के पास इसकी शिकायत भी कराई थी लेकिन दोनों को आपस में मामले के समाधान की हिदायत दी गई थी।

पीड़िता का आरोप है कि पुरुष सहकर्मी ने उसे अश्लील इशारे किए, अश्लील तरीके से छूने की कोशिश की और मना करने के बावजूद मोबाइल पर वीडियो बनाता रहा। गुस्से में महिला ने उसका मोबाइल छीन लिया और आरोप है कि मोबाइल वापस लेने की कोशिश के दौरान पुरुष सहकर्मी ने उसे शारीरिक तौर पर उत्पीड़ित किया। इसे लेकर काफी हंगामा हुआ। उसके बाद बुधवार देर शाम महिला ने थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जवाब में पुरुष सहकर्मी ने भी महिला पर मोबाइल छीनने और मारपीट करने का आरोप लगाकर शिकायत दर्ज कराई है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 38 = 43