चंडीगढ़ : पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की रेकी करने वाले उसके पड़ोसी को गुरुवार की सुबह अमृतसर हवाई अड्डे पर गिरफ्तार कर लिया गया। वह यहां से दुबई भागने के फिराक में था। अमृतसर पुलिस ने इस बारे में मानसा पुलिस को भी सूचित कर दिया है।
सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड में उसके पड़ोसी जगतार सिंह पर मूसेवाला की रेकी करने का आरोप है। गांव मूसा निवासी जगतार सिंह सिद्धू मूसेवाला का ही रिश्तेदार है। वह मूसेवाला का चचेरा भाई लगता है। आरोप है कि जगतार ने ही रेकी करके लॉरेंस गैंग को सिद्धू मूसेवाला के बारे में जानकारियां दी थी। उसके खिलाफ मानसा पुलिस की तरफ से लुक आउट सर्कुलर जारी किया गया था। वह आज सुबह दुबई जाने वाली फ्लाइट पकड़ने के लिए अमृतसर एयरपोर्ट पहुंचा तो इमिग्रेशन अधिकारियों ने पासपोर्ट व डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के दौरान उसको पकड़ लिया। उसे अमृतसर एयरपोर्ट थाने के सुपुर्द कर दिया गया है।