शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में गिरफ्तार किए गए सुबिरेश भट्टाचार्य

CBI

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के बहुचर्चित शिक्षक नियुक्ति भ्रष्टाचार मामले में स्कूल सेवा आयोग (एसएससी) के एक और पूर्व अध्यक्ष को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनका नाम सुबिरेश भट्टाचार्य है। वर्तमान में उत्तर बंगाल विश्वविद्यालय के कुलपति सुबिरेश को सीबीआई ने सोमवार को गिरफ्तार किया है। उनकी चिकित्सकीय जांच और कोर्ट में पेशी की तैयारी की जा रही है। उन्हें पूछताछ के लिए केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों ने तलब किया था। सीजीओ कॉम्प्लेक्स स्थित केंद्रीय एजेंसी के मुख्यालय में पूछताछ के दौरान सीबीआई के अधिकारी उनके जवाब से संतुष्ट नहीं हुए जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार किया गया है।

सुबिरेश 2014 से 2018 तक एसएससी के अध्यक्ष थे। आरोप है कि उन्हीं के अध्यक्ष रहते शिक्षकों की नियुक्ति में बड़े पैमाने पर धांधली हुई। उस समय नियुक्ति प्रक्रिया और नियुक्ति पत्र सौंपने संबंधी कई प्रक्रियाओं के बारे में केंद्रीय एजेंसी के अधिकारियों को वह भली-भांति जवाब नहीं दे रहे थे जिससे असहयोग का दावा करते हुए सीबीआई ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

उनकी गिरफ्तारी पर माकपा के वरिष्ठ नेता और वरीय अधिवक्ता विकास रंजन भट्टाचार्य ने दावा किया है कि अब ममता बनर्जी की गिरफ्तारी की बारी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में पहले से गिरफ्तार शांति प्रसाद सिन्हा, अशोक साहा और कल्याणमय गांगुली ने दावा किया है कि उच्च अधिकारियों के आदेश पर उन्होंने गैर कानूनी तरीके से नियुक्ति की। तत्कालीन शिक्षा मंत्री पार्थ चटर्जी भी कह रहे हैं कि उन्होंने किसी और पर भरोसा करके ऐसा किया। आखिर शिक्षा मंत्री से ऊंचा कौन हो सकता है? मुख्यमंत्री के अलावा दूसरा कोई नहीं इसलिए अब उनकी गिरफ्तारी की बारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 5 = 1