शुभेंदु अधिकारी ने मुख्य सचिव से किया सवाल : प्रशासनिक बैठक सिर्फ डायमंड हार्बर के लिए ही क्यों?

कोलकाता : रविवार को नेता प्रतिपक्ष और भाजपा नेता शुभेंदु अधिकारी ने राज्य के मुख्य सचिव हरिकृष्ण द्विवेदी का उल्लेख करते हुए एक ट्वीट किया है। इस ट्वीट के माध्यम से नेता प्रतिपक्ष ने शनिवार को डायमंड हार्बर लोकसभा क्षेत्र में हुई प्रशासनिक बैठक पर सवाल खड़ा किया है। उन्होंने अपने ट्वीट में पूछा है, ‘माननीय मुख्य सचिव, क्या पश्चिम बंगाल में लोकतंत्र है, या तानाशाही शासन चल रहा है? मैं इसे लेकर असमंजस में हूं। डायमंड हार्बर लोकसभा केंद्र के लिए दक्षिण 24 परगना जिलाधिकारी की ओर से प्रशासनिक सभा का आयोजन किया गया। पश्चिम बंगाल में कुल 42 लोकसभा केंद्र हैं। तो, बाकी के बारे में क्या?’

शुभेंदु अधिकारी ने अपने इस ट्वीट में भाजपा और तृणमूल कांग्रेस के कई सांसदों को टैग किया है। इस सूची में अभिनेता और सांसद देव, प्रसून बनर्जी, मिमी चक्रवर्ती, खलीलुर रहमान, माला रॉय, सुदीप बनर्जी, महुआ मैत्रा, अबू हाशेम खान चौधरी, लॉकेट चटर्जी, देबश्री चौधरी, शिशिर अधिकारी, दिब्येंदु अधिकारी, खगेन मुर्मू, मोहन जटुआ, दिलीप घोस शामिल हैं।

उल्लेखनीय है कि तृणमूल सांसद अभिषेक बनर्जी ने शनिवार को डायमंड हार्बर लोकसभा में प्रशासनिक बैठक की। इस बैठक में सभी ग्राम पंचायत, समिति एवं जिला परिषद सदस्य, नगर पालिका अध्यक्ष, अनुविभागीय दंडाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, सात विधान सभाओं के विधायक एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित थे। इस प्रशासनिक बैठक का आयोजन दक्षिण 24 परगना के जिलाधिकारी ने किया था।

सभी को जिलाधिकारी की ओर से प्रशासनिक बैठक में शामिल होने का पत्र दिया गया था। शुभेंदु ने वह पत्र और सभी के नामों की सूची भी ट्विटर पर पोस्ट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

4 + 6 =