चारों नगर निगम में तृणमूल की जीत को मुख्यमंत्री ने किया जनता को समर्पित

कोलकाता : पश्चिम बंगाल के चंदननगर, बिधाननगर, सिलीगुड़ी और आसनसोल नगर निगम के चुनाव में तृणमूल कांग्रेस की ऐतिहासिक जीत को पार्टी सुप्रीमो व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जनता को समर्पित किया है। उन्होंने जीत दर्ज करने वाले पार्षदों को और अधिक विनम्र तथा लोगों के प्रति समर्पित होने की नसीहत दी है।

राज्य के चारों नगर निगम के चुनाव की मतगणना सोमवार सुबह 8 बजे शुरू हुई। मतगणना के शुरुआत के दो घंटे में ही तृणमूल कांग्रेस की जीत स्पष्ट होने लगी थी। दोपहर तक तृणमूल कांग्रेस ने चारों नगर निगम के चुनाव में बड़े अंतर से जीत दर्ज कर ली। इसके बाद पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने सामने आकर मीडिया से बात की। उन्होंने कहा कि जीतने वालों को और अधिक नम्र तथा मानवीय होना पड़ेगा। लोगों के हित में काम करने के लिए मैदान में कूदना होगा। उन्होंने कहा कि यह जीत लोगों की जीत है। शांतिपूर्वक तरीके से लोगों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया था, इसलिए यह जीत हमें उत्साहित करने वाली है।

इस मौके पर कांग्रेस, माकपा और भाजपा पर एक सुर में हमला बोलते हुए ममता ने कहा कि सिलीगुड़ी सहित उत्तर बंगाल में बड़ी जीत हासिल करने के बावजूद भारतीय जनता पार्टी ने दार्जिलिंग, जलपाईगुड़ी, कूचबिहार, अलीपुरद्वार, उत्तर दिनाजपुर, दक्षिण दिनाजपुर के लिए कुछ भी नहीं किया है। इसीलिए नगर निगम चुनाव में लोगों ने उन्हें सबक सिखा दिया है। बड़ी संख्या में तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवारों की जीत हुई है जो जनमत का संकेत है।

गौतम देव होंगे सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर

इसके साथ ही मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने यह भी स्पष्ट कर दिया कि उनके कैबिनेट में मंत्री रहे गौतम देव सिलीगुड़ी नगर निगम के मेयर होंगे। वह तीन हजार वोटों के अंतर से जीते हैं। ममता ने कहा कि सिलीगुड़ी नगर निगम में गौतम देव को मेयर बनाया जाएगा।

उल्लेखनीय है कि उत्तर बंगाल में पहली बार तृणमूल कांग्रेस को बड़ी जीत मिली है। ऐसा पहली बार होने जा रहा है। जब यहां के नगर निगम में पार्टी बोर्ड गठित करने जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 2 = 2