लूट की कहानी बनाकर दो करोड़ के गहने ले भागा था कर्मचारी, 6 गिरफ्तार

कोलकाता : उत्तर कोलकाता से सटे उत्तर 24 परगना के बरानगर थाना इलाके में लूट का बहाना बनाकर दो करोड़ के गहने लेकर भाग जाने वाले कर्मचारी सहित उसके पांच सहयोगियों को पुलिस ने धर दबोचा है। इसके साथ ही इनके पास से दो करोड़ के गहने भी बरामद कर लिए गए हैं। शुक्रवार की शाम इनकी गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने बताया है कि शनिवार को इन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा।

पुलिस की ओर से जारी बयान में बताया गया है कि गत 26 अप्रैल की रात बरानगर की प्रिंस हॉलमार्किंग कंपनी के मालिक गालोक परिधा ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि उनकी कंपनी का कर्मचारी सैफुल इस्लाम रात 8:00 बजे करीब चार किलो 800 ग्राम सोने का गहना लेकर हॉल मार्क के लिए बारासात से बेलघरिया एक्सप्रेसवे के जरिए बरानगर लौट रहा था। उसी समय एक्सप्रेस वे पर सीसीआर ब्रिज के पास कुछ लोगों ने उससे गहने लूट लिये।

पुलिस ने जांच शुरू की तो पता चला कि कर्मचारी सैफुल पश्चिम मेदिनीपुर के दासपुर का रहने वाला है। उसे हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की और बताया कि अपने एक और सहयोगी हबीबुल इस्लाम के साथ मिलकर लूट की झूठी कहानी बनाई थी। वारदात में चार अन्य लोगों ने भी उसकी मदद की थी जिन्हें शुक्रवार शाम गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दासपुर इलाके में इनकी निशानदेही पर तलाशी अभियान चलाकर 4 किलो 300 ग्राम सोना बरामद कर लिया है। बरामद सोने का बाजार मूल्य करीब 2 करोड़ 15 लाख रुपये है। बाकी गहनों की बरामदगी के लिए भी पूछताछ की जा रही है। उन्हें आज यानी शनिवार को बैरकपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 2 = 3