मेट्रो दुर्घटनास्थल पर पहुंचे तृणमूल पार्षद ने आपा खोया

कोलकाता : कोलकाता के बउबाजार इलाके में ईस्ट-वेस्ट मेट्रो की सुरंग खुदाई की वजह से इमारतों में दरार पड़ने की घटना को लेकर राजनीतिक नेतृत्व का दौरा जारी है। रविवार को स्थानीय पार्षद विश्वरूप दे एक बार फिर मौके पर पहुंचे थे और स्थानीय लोगों से मिल रहे थे उसी समय कुछ ऐसा हुआ कि एक व्यक्ति को मारने के लिए वह उसकी ओर दौड़ पड़े। स्थानीय लोगों की देखरेख और भोजन आपूर्ति का काम आईटीडी नाम की एक संस्था को दिया गया है। उसी संस्था के कर्मचारी को थप्पड़ मारने के लिए पार्षद दौड़ रहे थे।

मिली जानकारी के अनुसार जब पार्षद मौके पर पहुंचे तो स्थानीय लोगों ने शिकायत की कि आईटीडी नाम की संस्था जिसे भोजन आपूर्ति की जिम्मेवारी दी गई है वे ठीक से खाना नहीं दे रहे हैं। उसी समय संस्था के कर्मचारी ने कहा कि हमलोग यहां बिजनेस करने आए हैं, सेवा करने नहीं। इसके बाद ही पार्षद उसे मारने के लिए दौड़ पड़े। हालांकि स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव किया और उन्हें शांत कराया।

विश्वरूप दे ने कहा कि दुर्घटना पीड़ितों के साथ मानवता से पेश आने की जरूरत है लेकिन जिस संस्था को भोजन आपूर्ति की जिम्मेवारी मेट्रो की ओर से दी गई है, वह पूरी तरह से बिजनेस कर रही है। लोगों को होटल में रखा गया है लेकिन उन्हें ठीक से भोजन भी उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है, इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ऐसा हुआ तो भविष्य में गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 15 = 24