खगेन मुर्मू के खिलाफ तृणमूल ने की चुनाव आयोग में शिकायत

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस ने मालदह उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार खगेन मुर्मू के खिलाफ गुरुवार को चुनाव आयोग से शिकायत की। तृणमूल ने मुर्मू पर यह झूठा दावा करके आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप लगाया कि तृणमूल उम्मीदवार प्रसून बनर्जी ने मालदा जिले के शीर्ष अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक की है। मुर्मू मालदा उत्तर सीट से मौजूदा सांसद हैं। पश्चिम बंगाल के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) को लिखे एक पत्र में तृणमूल की मालदा जिला इकाई ने आरोप लगाया कि मुर्मू ने मालदा उत्तर सीट से पार्टी उम्मीदवार बनर्जी के खिलाफ निराधार आरोप लगाए हैं।

तृणमूल ने पत्र में दावा किया कि मुर्मू ने सार्वजनिक तौर पर आरोप लगाया था कि बनर्जी ने जिले के सरकारी और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ गुप्त बैठक की थी। पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ पार्टी ने कहा कि भाजपा सांसद को पूरी तरह से पता है कि ऐसी कोई बैठक नहीं हुई थी और उनके बयान का इरादा आम चुनाव से पहले मतदाताओं को गुमराह करना है।

तृणमूल ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा उम्मीदवार ने बनर्जी के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणी की है जो अनुचित और अपमानजनक है। तृणमूल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी से आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन के लिए मुर्मू के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

52 − = 49