यूक्रेन ने खोली सेना भर्ती, 50 रूसी और 40 यूक्रेनी सैनिकों ने गंवाई जान

कीव : यूक्रेन पर रूस के हमले के बाद हालात लगातार खराब होते जा रहे हैं। यूक्रेन ने सेना भर्ती खोलकर यूक्रेनी युवाओं से सेना में शामिल होने का आह्वान किया है। इस बीच यूक्रेन ने रूस के 50 सैनिकों को मार गिराने और यूक्रेन के 40 सैनिक मारे जाने का दावा भी किया है।

रूस के हमले के बाद यूक्रेन में हाहाकार मचा है। राजधानी कीव की सड़कों पर जाम लगा है। पहले ही मार्शल लॉ लगा चुके यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अधिकारियों के साथ बैठक कर कहा कि यूक्रेन किसी भी हाल में रूस के आगे समर्पण नहीं करेगा। उन्होंने कहा कि हम झुकेंगे नहीं, हमारी सेना रूस को माकूल जवाब दे रही है।

इस अहम बैठक के बाद यूक्रेन ने देश के युवाओं के लिए सेना भर्ती खोलने का ऐलान किया है। यूक्रेन के रक्षा मंत्री ओलेक्सी रेजनिकोव ने कहा कि देश में जो भी हथियार पकड़ने के लिए तैयार और सक्षम है, वह टेरिटोरियल डिफेंस फोर्स के रैंक में शामिल हो सकता है।

यूक्रेन ने रूस के हमले में 40 यूक्रेनी सैनिकों के मारे जाने की पुष्टि की है। साथ ही दावा किया है कि जवाबी हमले में रूस के 50 सैनिक मार डाले हैं।

उधर रूस लगातार आक्रामक हो रहा है। रूस की सेना ने यूक्रेन के दो गांवों पर कब्जे का ऐलान भी किया है। इस बीच अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने विदेश मंत्री, रक्षा मंत्री, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार और सेना प्रमुख के साथ आपात बैठक की है। इस बैठक में एक बार फिर रूस पर कठोर पाबंदी लगाए जाने की बात कही गयी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

73 + = 79