पश्चिम बंगाल : भाजपा कार्यकर्ताओं के घर में आग लगाने का आरोप

हावड़ा : हावड़ा जिले के अमता में देर रात एक के बाद एक भाजपा कार्यकर्ताओं के घर में आग लगाने का आरोप लगा है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार गुरुवार रात भाजपा की ग्राम पंचायत उम्मीदवार सोमा रॉय समेत छह भाजपा कार्यकर्ताओं के घरों में कथित तौर पर आग लगा दी गई। सूत्रों ने यह भी बताया कि इस घटना में एक वृद्ध महिला झुलस गयी है। भाजपा का दावा है कि तृणमूल कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उनके कार्यकर्ताओं के घर में आग लगाई है।

सोमा रॉय अमाता विधानसभा के अंतर्गत अमरागोरी क्षेत्र से भाजपा की ग्राम सभा की उम्मीदवार हैं। आरोप है कि गुरुवार रात करीब ढाई बजे बदमाशों ने उनके घर में आग लगा दी। स्थानीय भाजपा नेतृत्व ने दावा किया कि पुलिस से बार-बार संपर्क करने पर उनसे फोन पर संपर्क नहीं किया जा सका। इलाके के कई परिवार डर के मारे गांव छोड़कर चले गए हैं।

राज्य विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने इस घटना की कड़ी निंदा की। उन्होंने ट्विटर पर सोमा के जलते हुए घर की तस्वीर पोस्ट करते हुए दावा किया कि ग्रामीण इलाकों में चुनाव बाद हिंसा में हजारों विपक्षी दल के कार्यकर्ता पीड़ित हुए हैं। शुभेंदु ने यह भी दावा किया कि उनके घरों में आग लगा दी गई है और उन्हें गांव से बाहर निकाला जा रहा है। बहरहाल, खबर लिखे जाने तक स्थानीय तृणमूल नेतृत्व की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल पाई थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *