पश्चिम बंगाल : पंचायत चुनाव को लेकर हिंसा जारी, मुर्शिदाबाद में तृणमूल नेता की हत्या, कांग्रेस नेता को भी मारी गोली

कोलकाता : पश्चिम बंगाल में पंचायत चुनाव पर से हिंसा के बादल छंटने का नाम नहीं ले रहे हैं। चुनाव की घोषणा के बाद से एक और नेता की हत्या कर दी गई। यह हत्या की चौथी वारदात है। ताजा हिंसा में मुर्शिदाबाद जिले में गुरुवार रात अंचल अध्यक्ष मुज्जमल हक (42) को गोली मारकर मौत के घाट उतार दिया गया है। यह वारदात नवग्राम थाना अंतर्गत पंचग्राम इलाके में हुई है। अज्ञात हमलावरों ने उन्हें करीब से दो गोलियां मारी। खून से लथपथ हक को नवग्राम अस्पताल ले जाने पर चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसी क्षेत्र में रात को ही कांग्रेस उम्मीदवार रमजान शेख के पिता महरुल्ला शेख को गोली मार दी गई। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

तृणमूल नेता की हत्या का आरोप कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर लगा है। कांग्रेस ने फायरिंग के लिए तृणमूल कांग्रेस को आरोपी ठहराया है। शुक्रवार सुबह से क्षेत्र में बड़ी संख्या में पुलिस जवान तैनात किए गए हैं। बताया गया है कि गुरुवार को नामांकन दाखिल करने के बाद तृणमूल के अंचल अध्यक्ष मुजम्मल रात को प्रचार करने गए थे। इस बीच कुछ लोगों ने उन्हें घेरकर मारा-पीटा। विरोध करने पर गोली मार दी।

स्थानीय तृणमूल विधायक कन्हाईचंद्र मंडल ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के लोगों ने पार्टी नेता की हत्या की है। उन्होंने घटना के विरोध में 12 घंटे के बंद का आह्वान किया है। कांग्रेस के प्रवक्ता जयंत दास ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस भय का वातावरण बनाकर जीत दर्ज करना चाहती है। कांग्रेस कार्यकर्ता जान देकर भी लोकतंत्र की रक्षा करेंगे। आज प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी भी मौके पर पहुंचेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 49 = 55