Kolkata : निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत का हिस्सा गिरने से महिला की मौत

कोलकाता : गार्डेनरिच घटना की याद एक बार फिर ताजा हो गई है। कोलकाता के बाद अब उत्तर 24 परगना जिले के विराटी में एक निर्माणाधीन बहुमंजिली इमारत का हिस्सा गिरने से एक महिला की मौत हो गई। घटना शनिवार रात की है। मृत महिला का नाम काया शर्मा चौधरी (56) है।

स्थानीय निवासियों और पुलिस सूत्रों के अनुसार, काया देवी रात करीब आठ बजे घर के सामने आंगन में खड़ी होकर बात कर रही थी। तभी बगल में एक निर्माणाधीन ऊंची गार्डवाल ढह गयी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मृत महिला के पति का आरोप है कि अवैध तरीके से मकान का निर्माण कराया जा रहा था। 8-10 फीट की संकरी सड़क, जिसके बगल में चार मंजिला मकान स्वीकृत किया गया था। मकान का एक हिस्सा गिरने से उनकी पत्नी की मृत्यु हो गई। वह मामले की शिकायत पुलिस से करेंगे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, घटना कैसे हुई इसकी जांच की जा रही है। मकान अवैध रूप से बनाया जा रहा है या नहीं, इसकी जांच चल रही है।

उधर, इस घटना के बाद जब स्थानीय उत्तर दमदम नगर पालिका के वार्ड नंबर 17 की पार्षद महुआ शील से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि घर का एक हिस्सा गिर गया है, यह सच नहीं है। मकान का एक हिस्सा नहीं, बल्कि ईंट गिरने से महिला की मौत हुई है। इस घटना में पुलिस ने अब तक 18 लोगों को हिरासत में लिया है। वे सभी उस साइट पर काम कर रहे थे। जिस प्रमोटर के खिलाफ शिकायत की गई है, उसे भी तलब किया गया है। इस बीच उत्तर दमदम नगर पालिका के चेयरमैन परिवार के साथ खड़े रहने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 59 = 61