महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर की चार साल के बेटे की हत्या

कोलकाता : एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर चार साल के बच्चे की हत्या कर दी। यह सनसनीखेज घटना दक्षिण 24 परगना के कुलतली थाने के कुंदखली गांव की है। अभियुक्त महिला का नाम मफूजा पियादा और उसके प्रेमी का नाम अबुल हुसैन शेख है। मंगलवार की देर शाम स्थानीय लोगों को बच्चे का शव मिला।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक 15 साल पहले मफूजा का निकाह टोएब अली पियादा से हुआ था। पेशे से दिहाड़ी मजदूर टोएब अली रोजाना काम के सिलसिले में कोलकाता निकल जाता है। इसी दौरान मफूजा पियादा का कुलतली के गाजीरहाट निवासी अबुल हुसैन शेख से विवाहेतर संबंध बन गया। कभी-कभी पति के काम पर चले जाने पर अबुल हुसैन घर आ जाता था। पति के घर पर न होने के कारण मंगलवार की सुबह अबुल मफूजा के घर पहुंचा, दोपहर में दोनों ने कहीं और जाकर शादी करने का फैसला किया लेकिन इस मकसद में महिला का चार साल का बेटा आड़े आ रहा था। स्थानीय लोगों का आरोप है कि वह अपनी माँ के बिना नहीं रह सकता था, इसलिए उसकी माँ और प्रेमी दोनों ने बच्चे को मार डाला।

स्थानीय लोगों को खबर मिली कि बच्चे की मौत हो गई है। इसके बाद उन्होंने वहां जाकर देखा तो बच्चे के शरीर पर चोट के कई निशान थे। जब उसकी माँ से पूछताछ की गई तो वह संतोषजनक उत्तर नहीं दे पाई जिससे भड़के मोहल्ले के लोगों ने उसे पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद मफूजा ने हत्या का अपराध कबूल कर लिया। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई। इसकी सूचना कुलतली थाने को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बच्चे का शव बरामद किया है। मफूजा को भी गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी अबुल हुसैन की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की भी जांच शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

51 + = 60