बेसुरे हुए ममता के सांसद सौगत राय, कहा : महिला मुख्यमंत्री के राज में महिलाओं पर अत्याचार शर्मनाक

कोलकाता : तृणमूल कांग्रेस के वयोवृद्ध नेता और सांसद सौगत राय के एक बयान ने उन्हीं की पार्टी की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। नदिया जिले के हाँसखाली में 14 साल की नाबालिग से दुष्कर्म के बाद मौत के सिलसिले में पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने अप्रत्यक्ष तौर पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के प्रशासन पर ही सवाल खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा है कि जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला हैं वहां महिलाओं पर अत्याचार शर्मनाक है। गुरुवार को बैरकपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से दक्षिणेश्वर में आयोजित एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे सांसद ने कहा कि महिलाओं पर लगातार हो रहे अत्याचार की घटनाओं से सभी लोग चिंतित हैं। जैसे ही कोई घटना होती है उसके खिलाफ तुरंत कड़ी कार्रवाई करने की जरूरत है। ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनानी होगी। मुझे उम्मीद है पुलिस प्रशासन इस पर ध्यान देगा। जिस राज्य की मुख्यमंत्री महिला है वहां महिलाओं पर अत्याचार की एक भी घटना शर्मनाक है।

अधीर ने की सौगत रॉय की सराहना

इधर राज्य में दुष्कर्म की लगातार हो रही घटनाओं पर चिंता जाहिर करने के लिए प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी ने तृणमूल के वरिष्ठ सांसद सौगत रॉय की सराहना की है। उन्होंने कहा है कि सौगत रॉय अच्छे व्यक्ति हैं, उन्होंने बहुत ही अच्छी बात की है। हालांकि राज्य में उन्हीं की पार्टी की सरकार है। मुख्यमंत्री महिला हैं या पुरुष यह सोचने वाली बात नहीं है बल्कि किसी भी राज्य में महिलाओं पर अत्याचार स्वीकार्य नहीं होना चाहिए। यह घटना अचानक नहीं हुई है, हर रोज कहीं ना कहीं इस तरह की घटना हो रही है। सौगत रॉय को नसीहत देते हुए अधीर रंजन चौधरी ने कहा कि हाथरस और हाँसखाली की घटना में कोई अंतर नहीं है। ये घटनाएं हमारे राज्य को कलंकित कर रही हैं और एक जनप्रतिनिधि के तौर पर उन्हें ऐसी घटनाओं के खिलाफ कड़ा रुख अख्तियार करना होगा।

भाजपा प्रवक्ता समिक भट्टाचार्य ने कहा कि सौगत रॉय जिन्हें महिला मुख्यमंत्री कह रहे हैं, वही इस राज्य की गृह मंत्री भी हैं। पुलिस की विफलता उनकी अपनी विफलता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

46 − = 39