कीव के पास मिले नागरिकों के शव, नरसंहार और बर्बरता के भी सबूत

अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी ने की कड़ी निंदा

कीव : यूक्रेन की राजधानी कीव के पास के क्षेत्र बूचा समेत अन्य कस्बों और गांवों में नागरिकों के शव मिलने व नरसंहार के साथ बर्बरता के सबूत मिले हैं। इसके बाद से यूक्रेन में रूसी सेना की आलोचना व निंदा तेज हो गई है। अमेरिका, फ्रांस और जर्मनी ने इसे गंभीर युद्ध अपराध मानते हुए रूस की कड़ी निंदा की है जबकि यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने इस नरसंहार के लिए रूस की निंदा करते हुए अंतरराष्ट्रीय समुदाय से उस पर और प्रतिबंध बढ़ाने की मांग की है। हालांकि रूस ने नागरिकों की सामूहिक हत्या में उसके सैनिकों के हाथ होने से इनकार किया है।

कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाके खाली करते हुए रूसी सेना यूक्रेन के उत्तर से निकल गई है लेकिन रविवार को पूर्वी यूक्रेन और यूक्रेनी बंदरगाहों पर रूसी हमले जारी रहे। शनिवार को रूसी सेना ने कीव के आसपास का इलाका खाली किया है। उसके बाद जैसे ही वहां पर यूक्रेन की सेना पहुंची तो बूचा कस्बे और कुछ अन्य इलाकों में नागरिकों के शव मिले। बूचा में करीब तीन सौ लोगों की सामूहिक कब्र होने का पता चला। क्षेत्र में बारूदी सुरंगें भी बिछी मिलीं, जिसके चलते आगे बढ़ते यूक्रेनी सैनिकों को विस्फोटों का सामना करना पड़ा। रूसी सेना की वापसी के बाद कीव के आसपास का इलाका अब पूरी तरह से यूक्रेन सरकार के कब्जे में आ गया है।

शवों पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान

नजदीक के इरपिन, बूचा, होस्टोमेल कस्बों सहित 30 कस्बों और गांवों में हालात सामान्य बनाने का कार्य रविवार को शुरू हो गया। कई स्थानों पर आमजनों की लाशें मिली हैं, जिन पर रूसी सैनिकों की बर्बरता के निशान हैं। कई जगहों पर लोगों के हाथ पीछे बांध कर गोली मारी गई है। इससे लोगों में गुस्सा है। यूक्रेन की उप विदेश मंत्री हन्ना मालियार ने हालात के जल्द सामान्य होने की संभावना जताई है। उल्लेखनीय है कि तुर्की में हुई वार्ता के दौरान रूस ने कीव और चार्निहीव के नजदीकी इलाकों से सेना हटाने की घोषणा की थी।

मीकोलईव के काला सागर के किनारे स्थित बंदरगाह पर रूस ने मिसाइल हमला किया है। इसी प्रकार से ओडेसा बंदरगाह के नजदीक स्थित तेल गोदाम पर रूसी मिसाइलों का हमला हुआ है। मारीपोल बंदरगाह पर भी हमले की खबर है।

रूसी सेना ने रविवार को कीव से 50 किलोमीटर दूर स्थित वासिलकीव के यूक्रेनी सेना के एयर कमांड सेंटर पर मिसाइल से हमला किया। यह सेंटर रूसी हमले से पहले ही बर्बाद हो चुका है। इसमें कुछ गतिविधियां चल रही थीं, ताजा हमले से वे भी खत्म हो गई हैं। घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रूस के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि उसके मिसाइल हमले में मध्य यूक्रेन में स्थित हवाई पट्टी नष्ट हो गई है। इसी तरह से यूक्रेन के दक्षिणी भाग में डिनिप्रो की हवाई पट्टी को नष्ट कर दिया गया है। इससे यूक्रेन की हवाई हमले की क्षमता कम हुई है। इन्हें मिलाकर यूक्रेन के 28 सैन्य ठिकानों को अभी तक नष्ट किया जा चुका है। नष्ट होने वाले ठिकानों में दो शस्त्रागार भी हैं। यूक्रेनी सेना ने बताया है कि रूसी हवाई हमले से लुहांस्क क्षेत्र के सीवरो डोनेस्क और रूबीझेन में नुकसान हुआ है। यूक्रेनी सेना ने कहा है कि उसने लुहांस्क और डोनेस्क इलाकों शनिवार को हुए रूसी सेना के छह हमलों को विफल किया है।

यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा है कि रूसी सेना के निशाने पर देश का पूर्वी और दक्षिणी इलाका है। वह इन्हीं दोनों इलाकों पर कब्जा करना चाह रही है। हमारा लक्ष्य अपनी जमीन को दुश्मनों से बचाना है। इसके लिए हमें एंटी मिसाइल सिस्टम और अन्य आधुनिक हथियारों की जरूरत है, पश्चिमी देश हमें ये हथियार जल्द भेजें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

− 7 = 3