रंगदारी वसूलीः परमबीर सिंह को सीआईडी का समन

मुंबई : महाराष्ट्र क्राइम इंवेस्टिगेशन डिपार्टमेंट (सीआईडी) ने शनिवार को मुंबई पुलिस के पूर्व आयुक्त परमबीर सिंह को समन जारी कर सोमवार और मंगलवार को पूछताछ के लिए उपस्थित रहने का आदेश दिया है।

सूत्रों के अनुसार ठाणे जिले में कोपरी पुलिस स्टेशन और ठाणे नगर पुलिस स्टेशन में परमबीर सिंह पर रंगदारी वसूली के दो मामले दर्ज हैं। मुंबई के मरीन ड्राइव पुलिस स्टेशन में भी परमबीर सिंह पर रंगदारी वसूली का मामला दर्ज है। कल्याण के बाजार पेठ पुलिस स्टेशन में पुलिस निरीक्षक भीमराव गाडगे ने परमबीर सिंह पर उत्पीड़न का मामला दर्ज करवाया है। इन सभी मामलों की जांच सीआईडी कर रहा है।

उल्लेखनीय है कि परमबीर सिंह अपने खिलाफ रंगदारी वसूली के मामले में मई महीने में समन जारी होने के बाद से ही फरार हो गए थे। इसी वजह से मुंबई सेशन कोर्ट, मजिस्ट्रेट कोर्ट और ठाणे जिला कोर्ट ने परमबीर सिंह के विरुद्ध गैरजमानती वारंट जारी किया था। मुंबई मजिस्ट्रेट कोर्ट ने परमबीर सिंह को फरार घोषित कर दिया था। इन मामलों में सुप्रीम कोर्ट से गिरफ्तारी से राहत मिलने के बाद परमबीर सिंह शुक्रवार को मुंबई पहुंचकर रंगदारी वसूली के मामले में पूछताछ के लिए पुलिस के समक्ष उपस्थित हुए थे। उनसे मुंबई क्राइम ब्रांच ने 7 घंटे और ठाणे पुलिस ने 8 घंटे तक पूछताछ की थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

99 − = 93