कोहरे के कारण दमदम हवाई अड्डे पर उड़ान सेवायें बाधित, यात्रियों ने  किया प्रदर्शन

कोलकाता : कोलकाता के दमदम हवाई अड्डे पर शुक्रवार सुबह कोहरे की वजह से हवाई सेवाएं बुरी तरह बाधित हो गई, जिससे यात्रियों का आक्रोश फूट पड़ा। बागडोगरा जाने वाली एक उड़ान को अचानक रद्द कर दिया गया, जिससे यात्रियों ने नाराजगी जाहिर की।

शुक्रवार सुबह पूरे क्षेत्र में घना कोहरा छा गया, जिसके कारण दृश्यता घटकर केवल 50 मीटर रह गई। कोहरे के कारण कई उड़ानों को बीच आसमान में चक्कर लगाना पड़ा, जबकि कुछ विमानों को दूसरे हवाई अड्डों पर उतारा गया। हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे के कारण बागडोगरा जाने वाली उड़ान को उड़ान भरने के निर्धारित समय से कुछ मिनट पहले रद्द कर दिया गया।

उड़ान रद्द होने की सूचना मिलने पर यात्रियों ने नाराजगी जताई। उनका कहना था कि उड़ान रद्द करने का फैसला पहले क्यों नहीं लिया गया। यात्रियों ने हवाई अड्डे के अधिकारियों पर जानकारी छिपाने का आरोप लगाया।

हवाई अड्डे के अधिकारियों ने बताया कि कोहरे से निपटने के लिए अत्याधुनिक लाइटिंग सिस्टम का उपयोग किया जा रहा है। हालांकि, मौसम में सुधार होने तक हवाई सेवाएं सामान्य होने में समय लग सकता है।

मौसम विभाग ने पहले ही चेतावनी दी थी कि आने वाले कुछ दिनों तक कोहरे का प्रभाव जारी रहेगा। शीतलहर न होने के बावजूद कोहरा पूरे क्षेत्र में व्यवधान पैदा करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *