नवान्न अभियान : भाजपा समर्थकों और पुलिस के बीच घमासान, मीना देवी पुरोहित का सिर फटा

दिलीप घोष ने की अभियान के समापन की घोषणा

कोलकाता : भारतीय जनता पार्टी के नवान्न घेराव अभियान को केंद्र कर मंगलवार को कोलकाता से लेकर हावड़ा तक सड़कों पर भाजपा कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच जमकर टकराव हुआ। इसमें पार्टी के सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए हैं जबकि सौ से अधिक पुलिसकर्मी भी घायल बताए जा रहे हैं। पुलिस कार्रवाई में भाजपा की वरिष्ठ नेता और पार्षद मीना देवी पुरोहित का सिर फट गया है। उन्हें रैली से सीधे अस्पताल ले जाया गया है। वरिष्ठ विधायक और नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी को पहले ही हिरासत में ले लिया लिया गया था।

प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार को हावड़ा के सांतरागाछी में गिरफ्तार किया गया है जबकि शुभेंदु अधिकारी, लॉकेट चटर्जी और अन्य नेताओं को पुलिस हिरासत में लेकर सेंट्रल लॉकअप ले गई है। दूसरी ओर भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और राज्य इकाई के पूर्व अध्यक्ष दिलीप घोष के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता प्रदेश भाजपा मुख्यालय से रैली लेकर हावड़ा ब्रिज तक पहुंचे। यहां इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने इन पर आंसू गैस के गोले छोड़े और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसमें भी सैकड़ों कार्यकर्ताओं के घायल होने की सूचना है। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष दिलीप घोष ने सचिवालय अभियान के समापन की घोषणा की। उन्होंने कहा कि अपराह्न 2:40 बजे अभियान का समापन हुआ है। घोष ने कहा कि जिस तरह से पूरे राज्य से हजारों की संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता, विधायक और सांसद इस अभियान में शामिल हुए हैं वह उत्साहित करने वाला है। यह इस बात का संकेत है कि अब समय आ गया है कि ममता बनर्जी को सत्ता छोड़नी होगी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की हत्यारी सरकार और अधिक दिनों तक सत्ता में नहीं रहेगी।इधर महात्मा गांधी रोड में कोलकाता पुलिस की एक गाड़ी में आग लगा दी गई। आरोप है कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने आग लगाई जबकि पार्टी का कहना था कि पुलिस ने खुद ही आग लगाई है। पुलिस की पीसीआर वैन को आग के हवाले करते बीजेपी कार्यकर्ताओं का वीडियो वायरल हो रहा है। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने आरोप लगाया है कि पुलिस की ओर से भाजपा की रैली पर बमबारी हुई है। दूसरी और आरोप है कि हावड़ा में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुलिसकर्मियों पर ईंट-पत्थर बरसाए है। इन हालात को काबू करने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया। वॉटर कैनन और आंसू गैस के गोले दागने के बाद भाजपा कार्यकर्ता तितर-बितर हुए हैं। सचिवालय से दो किलोमीटर पहले ही भाजपा की रैली को रोकने में पुलिस सफल रही है और अब पार्टी के कार्यकर्ता अपने गंतव्य की ओर वापस लौटने लगे हैं।

एक वीडियो वायरल हुआ है जिसमें भाजपा के वरिष्ठ नेता को एक पुलिसकर्मी उसके चेहरे पर लगातार घूँसा मार रहा है। पार्टी ने इस वीडियो को ट्विटर पर डालकर पूछा है कि क्या पुलिस ऐसा कर सकती है? पार्टी ने अपने ट्वीट में कहा है कि बंगाल पुलिस तृणमूल कांग्रेस के गुलाम की तरह बर्ताव कर रही है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में एक के बाद एक भ्रष्टाचार और करोड़ों रुपये तृणमूल नेताओं के घरों से बरामद होने के बाद मंगलवार को प्रदेश भाजपा की ओर से राज्य सचिवालय घेराव अभियान किया गया है। इसमें शामिल होने के लिए राज्य भर से हजारों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता कोलकाता और हावड़ा पहुंचे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

+ 47 = 53