बीते 10 दिनों में 9 बार बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम : राहुल गांधी

नयी दिल्ली : कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने कहा कि बीते 10 दिनों में पेट्रोल-डीजल के दाम 9 बार बढ़ाए जा चुके हैं, केन्द्र सरकार को आम जनता की कोई परवाह नहीं है।

राहुल गांधी ने गुरुवार को विजय चौक पर पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस के बढ़े दामों को लेकर कांग्रेस सांसदों और नेताओं के साथ प्रदर्शन किया। इस दौरान राहुल ने मोटर साइकिल और गैस सिलेंडर पर माला चढ़ा कर विरोध जताया। राहुल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ने के कारण मध्यम वर्ग और गरीब लोगों को काफी परेशानी हो रही है।

प्रदर्शन के दौरान राहुल गांधी ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी अब सभी राज्यों और जिला स्तर पर महंगाई को लेकर प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शन के दौरान हमने विशेषकर तेल के दामों में इजाफा का मुद्दा उठाया है। पिछले 10 दिन में 9 बार पेट्रोल और डीजल की कीमतें बढ़ी हैं और इसकी चोट सीधे सबसे गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर पड़ती है।

कांग्रेस की मांग है कि सरकार पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ाना बंद करे। जब तक ऐसा नहीं होता पूरे देश में ये हमारा विरोध प्रदर्शन चलता रहेगा।

राहुल ने कहा कि भारत में पेट्रोल के दाम अफगानिस्तान, पाकिस्तान, श्रीलंका, बांग्लादेश, भूटान, नेपाल से भी अधिक हैं। यहां पेट्रोल के दाम 101.81 है। जबकि अफगानिस्तान में 66.99 और पाकिस्तान में 62.38 रुपये प्रति लीटर हैं। उन्होंने कहा कि पेट्रोल, डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री को जवाब देना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि कांग्रेस पेट्रोल और डीजल के बढ़ते दामों को लेकर भाजपा पर लगातार हमलावर है। कांग्रेस नेता कार्यकर्ता दूसरे राज्यों में भी प्रदर्शन कर रहे हैं। इस मुद्दे को वरिष्ठ कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी राज्यसभा में उठाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

6 + 3 =