गंगा आरती को लेकर बंगाल में सियासी घमासान शुरू

कोलकाता : गंगा आरती को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस और मुख्य विपक्षी दल भाजपा के बीच सियासी घमासान शुरू हो गया है। प्रदेश भाजपा का दावा है कि राज्य सरकार की अनेकों कोशिशों के बावजूद भाजपा नेता गंगा आरती करने में सफल रहे लेकिन शुक्रवार को तृणमूल ने गंगा आरती के मुद्दे को लेकर भाजपा नेताओं पर निशाना साधा। यहां तक कि राज्य की सत्ताधारी पार्टी ने आरोप लगाया कि भाजपा नेताओं ने गलत तरीके से गंगा आरती कर राज्य के हिंदुओं का अपमान किया है। शुक्रवार को राज्य की सत्ताधारी पार्टी की ओर से इस संबंध में एक वीडियो जारी किया गया। उक्त वीडियो में भाजपा सांसद सौमित्र खां गंगा आरती करते नजर आ रहे हैं। उनके साथ भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक भी हैं। इस वीडियो को जारी कर तृणमूल कांग्रेस ने दावा किया है कि सौमित्र खां ने जिस तरीके से गंगा आरती की वह सही नहीं है। ऐसा करके भाजपा ने माँ गंगा का अपमान किया है।

राज्य के सिंचाई मंत्री पार्थ भौमिक ने भी इस पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि धार्मिक रीति-रिवाजों के विपरीत हाथ घुमाकर गंगा आरती करना हिंदू रीति-रिवाजों का अपमान है। जो लोग सच्चे हिंदू होने का दावा करते हैं, वे अपने धर्म के प्रति इस गलती को हिंदू धर्म का अपमान मानते हैं। इसी तरह राज्य सरकार की एक और मंत्री शशि पांजा ने इस घटना की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सौमित्र खां ने जिस तरह से गंगा आरती की, वह धर्म का अपमान है। कभी भी विपरीत दिशा में हाथ घुमाकर गंगा आरती नहीं की जाती है, उन्होंने ऐसा करके माँ गंगा का अपमान किया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

9 + 1 =